अरुण देव गौतम बने छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक

1992 बैच के आईपीएस अधिकारी अरुण देव गौतम को छत्तीसगढ़ का नया पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया गया है। उन्होंने 2 फरवरी को सेवानिवृत्त होने वाले अशोक जुनेजा से कार्यभार ग्रहण किया। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के अभयपुर गांव के मूल निवासी अरुण देव की प्रारंभिक शिक्षा अपने गांव के ही सरकारी स्कूल से हुई। दसवीं व बारहवीं उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज इलाहाबाद से पूरी की। इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक करने के बाद राजनीति शास्त्र में स्नातकोत्तर किया। इसके बाद जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी नई दिल्ली से अंतरराष्ट्रीय कानून में एमफिल की डिग्री हासिल की। 1992 में इन्हें मध्यप्रदेश कैडर आवंटित हुआ व 2000 में पृथक छत्तीसगढ़ राज्य बनने पर उन्होंने छत्तीसगढ़ कैडर चुना। वे संयुक्त राष्ट्र पदक व राष्ट्रपति पुलिस पदक से भी सम्मानित हो चुके हैं।

Path prerak

5th February, 2025