लेफ्टिनेंट जनरल पदम सिंह शेखावत को परम विशिष्ट सेवा मेडल, अन्य वीरों को भी किया सम्मानित

लेफ्टिनेंट जनरल पदम सिंह शेखावत पुत्र करणी सिंह शेखावत को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू द्वारा सैन्य पुरस्कार परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया गया। झुंझुनू जिले के निराधनु गांव के मूल निवासी पदम सिंह 19 दिसंबर 1987 को 16 मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री में नियुक्त हुए। वे राष्ट्रीय रक्षा अकादमी और भारतीय सैन्य अकादमी के छात्र रहे और रक्षा सेवा स्टाफ कोर्स, सीनियर कमांड कोर्स, हायर कमांड कोर्स और प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज, ढ़ाका, बांग्लादेश से महत्वपूर्ण कोर्स किये। उनके पास विभिन्न हाई प्रोफाइल कमांड स्टॉफ और अनुदेशात्मक नियुक्तियों का व्यापक अनुभव है। गलवान घाटी में भारत और चीन के बीच टकराव के दौरान उन्होंने पूर्वी लद्दाख में एक माउंटेन डिवीजन की कमान भी संभाली। वे राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खडकवासला में प्रशिक्षक के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने UNIFIL लेबनान में संपर्क अधिकारी, सेना मुख्यालय की सैन्य सचिव शाखा में सहायक सैन्य सचिव, इन्फैंट्री डिवीजन में कर्नल जनरल स्टाफ, मैकेनाइज्ड फोर्स के महानिदेशक, कर्नल जनरल स्टाफ (प्रशिक्षण) के रूप में भी कार्य किया है। दक्षिण पश्चिमी कमान में ब्रिगेडियर जनरल स्टॉफ  (ऑपरेशंस), मेजर जनरल प्रशासन दक्षिणी कमान एवं सेना मुख्यालय में महानिदेशक (अनुशासन, समारोह और कल्याण) के प्रतिष्ठित पदों पर रह भी रह चुके हैं। वे मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री रेजिमेंट के कर्नल ऑफ़ दी रेजिमेंट हैं। 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में कैप्टन दीपक सिंह (48 आरआर) एवं हवलदार रोहित कुमार, डोगरा को मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया। लेफ्टिनेंट कर्नल विजय गुलेरिया, मेजर राजेंद्र सिंह (3 कोर इंट बीएन), मेजर अरमान सिंह शेखावत (पंजाब, 22 आरआर, सेना), हवलदार ठाकुर बहादुर आले, नायक अनिल राणा (कुमाऊं, 50 आरआर, सेना) नायक राहुल सिंह नागी (पैरा) को सेना पदक (वीरता) से सम्मानित किया गया। लेफ्टिनेंट कमांडर सत्यम सिंह को नौसेना पदक (वीरता) एवं ग्रुप कैप्टन अंकित राज सिंह, विंग कमांडर दुष्यंत सिंह राठौड़ को वायु सेना पदक (वीरता) से सम्मानित किया गया।

Path prerak

28th January, 2025