सूरत और शेरगढ़ में होली स्नेहमिलन का आयोजन

दक्षिण गुजरात संभाग के सूरत शहर प्रांत में आज 16 मार्च को होली मिलन का कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसमें सूरत की विभिन्न शाखाओं के स्वयंसेवक एवं स्थानीय समाजबंधु उपस्थित रहे। सभी ने एक दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। संभागप्रमुख खेत सिंह चांदेसरा सहयोगियों सहित कार्यक्रम में उपस्थित रहे। उन्होंने होली के महत्व पर चर्चा करते हुए बताया कि यह पर्व उल्लास और उत्साह का प्रतीक है। हमें भी संघ के स्वयंसेवक के रूप में समाज में उल्लास और उत्साह का वातावरण निर्मित करना है। जोधपुर संभाग के शेरगढ़ प्रांत में भी होली स्नेहमिलन एवं स्नेहभोज कार्यक्रम 15 मार्च को अर्जुन सिंह झिनझिनयाला के फार्म हाउस पर आयोजित हुआ। संघ के केंद्रीय कार्यकारी प्रेम सिंह रणधा ने उपस्थित समाजबंधुओं से संवाद करते हुए संघ के उद्देश्य व कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी और कहा कि संघ का कार्य समाज में क्षत्रियोचित संस्कार निर्माण का है जिसमें आप सभी के सक्रिय सहयोग की आवश्यकता है। शेरगढ़ प्रांत में कार्य विस्तार हेतु आगामी कार्ययोजना भी तैयार की गई। कार्यक्रम में संभागप्रमुख चंद्रवीर सिंह देणोक, हरि सिंह ढेलाणा, भंवर सिंह बालेसर, चंद्रवीर सिंह भाळु, भैरू सिंह बेलवा व गुलाब सिंह, पेहप सिंह, विक्रम सिंह, इंद्र सिंह, मनोहर सिंह आदि ग्रामवासी शामिल हुए।

Path prerak

16th March, 2025